बिहार में दिवाली के दिन कई जगहों पर आतिशबाजी की वजह से आग लगने की घटनाएं हुई हैं। पहली घटना पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित एक होटल की है जहां पर आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। दूसरी घटना शेखपुरा की है जहां पर आग लगने से कई घर जलकर राख हो गए। जानकारी के अनुसार पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित राजधानी गेस्ट हाउस में आतिशबाजी के कारण भीषण आग लग गई।
हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किंट से लगी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार होटल के एक कमरे से अचानक धुआं उठा। देखते-देखते आग पूरे होटल में फैल गई। होटल की पूरी बिल्डिंग को तत्काल खाली करा दिया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।
उधर, शेखपुरा के घाटकुसुम्भा स्थित पानापुर पंचायत के महमदपुर गांव में पटाखों की आतिशबाजी से भयंकर आग लग गई जिसमें कई घर राख हो गए। घटना में कई लोगों के घर जल गए। पीड़ित परिवारों के पास खाद्य सामग्री से लेकर तन ढ़कने तक के वस्त्र तक नहीं बचे।