खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा पंचायत के जमुआ गांव में बुधवार को एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। पिता की मौत के बाद गुस्से में आए एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर अपनी मां समेत छह लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जमुआ गांव निवासी उग्रसेन पाठक का बुधवार करीब 11 बजे निधन हो गया था। मौत की खबर सुनकर परिजन और ग्रामीण उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान मृतक का पुत्र प्रदीप पाठक अचानक आक्रोशित हो गया और धारदार हथियार से लोगों पर हमला कर दिया।
इस हमले में रीता देवी, बच्चन देवी, सीमा देवी, मंजू देवी, हरिलाल यादव और क्षत्री यादव घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया।