गया-पटना राष्ट्रीय मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे परिवार का ऑटो तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गया, जिसमें 16 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तीन घंटे तक हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार सरबदहा गांव निवासी अनिल कुमार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बेलागंज थाना क्षेत्र के एरकी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार की दोपहर सभी लोग ऑटो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बेलागंज बाईपास के पास तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से ऑटो को टक्कर मार दी।
इस हादसे में ऑटो चालक सहित एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अनिल कुमार, उनकी पत्नी सुनीता देवी, खुशबू कुमारी, काजल कुमारी, कुंती रानी, मुन्नी देवी, कुश कुमार, गणेश कुमार समेत कई अन्य शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 पुलिस टीम की मदद से सभी घायलों को तत्काल बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने गया-पटना राष्ट्रीय मार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
पढे़ं: महुआ में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नहीं पहुंचने पर भड़के कार्यकर्ता, मंत्रियों को सुनाई खरी-खोटी
ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दुर्घटना के जिम्मेदार चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस, अपर थाना अध्यक्ष कमलेश पासवान, बीडीओ डॉ. राघवेंद्र कुमार शर्मा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम हटाया जा सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और ऑटो को जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।