बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तीन नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होना है। इसी बीच तीसरे चरण के लिए चुनावी प्रचार का बिगुल बज चुका है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बिहार के रण में कूद चुके हैं। भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में योगी ने राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां की हैं। वहीं, सोमवार को उन्होंने पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
यूपी के मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को कोरोना वायरस से बचने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने दो गज दूरी और मास्क जरूरी का नारा दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि बीमारी, आग और बाढ़ से जितना दूर रहा जाए, उतना बेहतर होता है।
राजद-कांग्रेस का काम लोगों को बांटना
योगी आदित्यनाथ ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा, जो लोग पहले लोगों को जाति के नाम पर बांटने का काम करते थे और परिवार के लिए काम करते थे। वही लोग आज रोजगार की बातें कर रहे हैं, ताकि लोगों को बहकाया जा सके। उन्होंने कहा, युवाओं को इन लोगों के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस हो या राजद, इनके पास केवल एक ही काम है और वह है लोगों को बांटना।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: किन्नर प्रत्याशी पहली बार मैदान में, क्या हथुआ में बनेगा कीर्तिमान?
चारा घोटाला करने वाले रोजगार की बात कर रहे
चारा घोटाले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी देवी पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा, इन लोगों ने गरीबों को राशन तो नहीं दिया, बल्कि मूक जानवरों का चारा भी हजम कर गए। अब यही लोग रोजगार की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूछा, इतनी नौकरियां कहां से आएंगी। रोजगार देने का काम सिर्फ पीएम मोदी और नीतीश कुमार कर सकते हैं।
बैद्यनाथ प्रसाद महतो को किया याद
मुख्यमंत्री योगी ने वाल्मीकिनगर से जेडीयू के सांसद रहे बैद्यनाथ प्रसाद महतो को भी याद किया। हाल ही में उनका निधन हो गया था। सीएम योगी ने कहा, 2019 में महतो जी को यहां की जनता ने जीताकर संसद में भेजा, लेकिन उनकी दुखद मृत्यु हो गई।
उन्होंने कहा, महतो जी की विरासत को आगे बढ़ाने और सेवा भाव के लिए उनके पुत्र सुनील कुमार और यहां से पार्टी प्रत्याशी रिंकू सिंह यहां हैं। सीएम ने कहा, दोनों लोग मिलकर इस क्षेत्र को जंगलराज में तब्दील होने से बचाएंगे। साथ ही ये लोग जनता की समस्या का समाधान करने के साथ जंगल पार्टी वालों से दो-दो हाथ रखने की कला भी जानते हैं।