Bihar Election Results 2020: बिहार विस चुनाव में इस बार भी पिछले चुनाव की तरह महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है। 2015 में 70.5 फीसदी महिला मतदाताओं ने और 53.3 फीसदी पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया था। इस बार 59.6 फीसदी महिला मतदाताओं ने मतदान किया है, जबकि पुरुष मतदाताओं ने 54.7 फीसदी। इस चुनाव में भी महिला मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं।
कई मुद्दों के बाद भी रहा जातियों का बोलबाला
बिहार चुनावों में जातियों का बोलबाला रहता है। राज्य में भले रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा के साथ-साथ जमीनी मुद्दों पर चर्चा छिड़ी रही, लेकिन जाति आधारित मतदान का बंधन नहीं टूट पाया। नौकरी को चुनावी मुद्दा बनाने को वाले महागठबंधन को युवाओं से खास उम्मीद है, युवा मतदाताओं ने नौकरी को मुद्दा माना भी है। मुस्लिम और यादव जाति की गोलबंदी महागठबंधन की तरफ दिखी। इसी तरह महिला, महादलित और कुर्मी जातियों की गोलबंदी जदयू के पक्ष में दिखी। महिला मतदाताओं ने नीतीश कुमार को ही पहली पसंद माना।
राजग ने चुनाव में 15 साल बनाम 15 साल का मुद्दा मजबूती से उठाया
राजग ने चुनाव में 15 साल बनाम 15 साल का मुद्दा मजबूती से उठाया तो महागठबंधन ने रोजगार, के साथ ही नए कृषि कानून, कोरोना, बाढ़ जैसे मुद्दों को तरजीह दी। भाजपा ने सीमांचल में घुसपैठ के मुद्दे को उठाया। भाजपा के उठाए एनआरसी और सीए के मुद्दे ने नीतीश के विकास राग को बेसुरा कर दिया।
युवा मतदाता निर्णायक
रोजगार के सवाल पर इस बार युवा मतदाताओं का जोश देखने लायक था। नए मतदाताओं के साथ-साथ युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। माना जा रहा है कि युवा मतदाताओं के इसी उत्साह की बदौलत एग्जिट पोल के रुझान में भी महागठबंधन को बढ़त है।