बिहार विधानसभा की मतगणना जारी है। सुबह से शाम तक मतगणना के कई रंग देखने को मिले हैं। भाजपा और जद(यू) के दफ्तर में एक दौर का जश्न मनाया जा चुका है, लेकिन अभी भी तस्वीर साफ नहीं है। टीम तेजस्वी यादव रुझान और सीटों की गणना के आधार मिलने वाले सीटों की संख्या का आकलन कर रहा है।
संजय यादव समेत अन्य को उम्मीद है कि 125-30 सीटें महागठबंधन की झोली में आएगी। कांग्रेस पार्टी के सचिव विनीत पुनिया का भी यही अनुमान है और आईटी विभाग के प्रभारी रोहन गुप्ता का कहना है कि लालटेन तो रात में जलती है।
बिहार में इस तरह का कांटे का का मुकाबला पिछले तीन दशक के दौरान कभी देखने में नहीं आया। इस विधानसभा चुनाव में जहां एलजेपी का खाता खुलने में संशय है, वहीं जाप, रालोसपा समेत कई दल इसी दौर से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। अभी तक गिने गए वोटों में हिस्सेदारी की बात करें तो 23.26 फीसदी वोटों के साथ राष्ट्रीय जनता दल सबसे आगे है।
भाजपा को 19.53 फीसदी, जद(यू) को 15.11, कांग्रेस को 9.22 फीसदी, एलजेपी को 5.59 फीसदी वोट मिले हैं। पांच सीट पर टक्कर देने वाली एमआईएमआईएम को भी 1.22 फीसदी वोट मिले हैं। नोटा का बटन 1.72 फीसदी लोगों ने दबाया है। अभी एक करोड़ 18 लाख मतों की गिनती बाकी है।