Bihar Assembly Election 2020: एनडीए में जदयू, भाजपा, वीआईपी, हम की ओर से चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार की 12 रैलियां होंगी। नीतीश कुमार की वर्चुअल रैली मुख्यमंत्री के फेसबुक पेज पर लाइव होगी। इसके साथ ही जदयू के सभी बड़े नेताओं और पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह वर्चुअल रैली लाइव होगी। आज 24 विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशियों के लिए वर्चुअल प्रचार करेंगे। 14 अक्तूबर से नीतीश एक्चुअल चुनावी जनसभाएं करेंगे।
हर चरण में स्टार प्रचारकों की सूची अपडेट करेगी भाजपा
बिहार प्रदेश भाजपा ने कहा है कि बिहार में चुनाव के चरणों के अनुसार पार्टी अपने प्रचारकों की सूची को अपडेट करेगी। पार्टी ने कहा कि लोगों को गुमराह करने वाली खबरों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। दरअसल पार्टी ने रविवार को 30 स्टार प्रचारकों की जो सूची जारी की है उसमें राजीव प्रताप रूडी और सैयद शाहनवाज हुसैन का नाम गायब है। इस पर कानाफूसी को देखते हुए पार्टी को अगले दिन सफाई देनी पड़ी। पार्टी की ओर से कहा गया है कि यह केवल एक सूची है, विभिन्न चरणों के अनुसार सूची को संशोधित किया जाएगा।
हर खेत को पानी, सात निश्चय से विकास: नीतीश
नीतीश कुमार ने चुनाव प्रचार तेज करते हुए कहा कि यदि जनता ने फिर मौका दिया तो हर खेत को पानी पहुंचाया जाएगा और सात निश्चय 2 से विकास के बाकी काम पूरे होंगे।
सीएम ने वर्चुअल रैली के जरिए 6 जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को संबोधित किया। नीतीश ने फिर लोगों को लालू-राबड़ी शासनकाल के 15 वर्षों की याद दिलाई। तुलना कीजिए वो 15 साल और ये 15 साल। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि आज
स्कूलों और बिहार पुलिस में जो महिलाएं दिख रहीं हैं वो सामाजिक न्याय की नीतियों की देन है।
तेजस्वी भव: बिहार सॉन्ग रिलीज
राजद ने 'तेजस्वी भव: बिहार' नाम से वीडियो सॉन्ग रिलीज किया है। इस गाने में नीतीश सरकार पर हमला बोला गया है। इस मौके पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि बिहार में बदलाव की बयार बह रही है । जनता इस बार बदलाव चाहती है। सभी राजनीतिक दल सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में वर्चुअल प्रचार की शुरुआत हो चुकी है।
जाप ने 50 उम्मीदवारों की सूची जारी की
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने 50 उम्मीदवारों की सूची जारी की। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चा है कि भाजपा पूरी तरह से नीतीश कुमार को खत्म करने की साजिश रच रही है। पप्पू ने एनडीए पर आरोप लगाया कि यह गठबंधन बिहार को ठग रहा है। जदयू के सात निश्चय कार्यक्रम पर भाजपा ने अभी तक मुहर नहीं लगाई है।
लालू के हनुमान की सीट बदली
चुनाव के दूसरे चरण के लिए राजद अपने उम्मीदवारों को चुनाव निशान दे रहा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के हनुमान कहे जाने वाले भोला यादव की सीट बदल दी गई है।
भोला यादव अब बहादुरपुर की जगह हायाघाट से चुनावी मैदान में होंगे। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने उन्हें पार्टी का सिंबल दिया है। खबर है कि लालू यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आज नामांकन करेंगे। तेज प्रताप समस्तीपुर के हसनपुर से चुनावी मैदान में हैं। तेज प्रताप ने अपनी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से आशीर्वाद लेकर पार्टी का चुनाव निशान लिया।
52,000 मतदाताओं ने पहले चरण में पोस्टल बैलट चुना
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बताया कि बिहार में 80 साल से ज्यादा उम्र और अशक्त 52,000 मतदाताओं ने पोस्टल बैलट के जरिये मतदान करने का चुनाव किया है। राज्य में पहले चरण में मतदान 28 अक्तूबर को है। इसके लिए बीएलओ ने 16 जिलों के 71 निर्वाचन क्षेत्रों में दोनों श्रेणियों के चार लाख मतदाताओं से संपर्क साधा। उसमें से 52000 लोगों ने इस विधि से मतदान का चयन किया।
आंकड़ा-
52 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे डाक मतपत्रों का प्रयोग
80 साल और उससे अधिक आयु के मतदाताओं और दिव्यांगों को विकल्प
28 अक्तूबर को पहले चरण में 71 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले हैं मतदान
12 लाख ऐसे मतदाताओं के घरों का दूसरे-तीसरे चरण के लिए दौरा करेगी चुनाव आयोग की टीम