दूसरे चरण के प्रचार का शोर रविवार शाम 6 बजे थम गया। इस चरण के प्रचार के आखिरी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने चार रैलियां कीं। तीन चरणों में होने वाले चुनाव का यह निर्णायक चरण और मतदान है। इस चरण में 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान मंगलवार को है।
इस चरण में कुल 1463 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1316 पुरुष, 146 महिला और एक थर्ड जेंडर शामिल हैं। दूसरे चरण में 623 निबंधित गैर मान्यता प्राप्त दलों से 513 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण में जिन सीटों पर चुनाव होने हैं उन सीटों पर 2015 में हुए चुनाव में राजद ने 33 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
जदयू ने 30 सीटें अपने नाम की थी और भाजपा को 20 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने भी सात सीटों पर अपना परचम लहराया था। लोजपा ने भी तब दो सीटें जीती थी, माले और निर्दलीय के खाते में एक-एक सीट आई थी। इस बार महागठबंधन की ओर से राजद 56, कांग्रेस 24, भाकपा माले छह, माकपा चार, और भाकपा चार सीटों पर चुनावी मैदान में है। राजग की ओर से भाजपा 45, जदयू 43 और वीआईपी छह सीटों पर चुनावी मैदान में है।
इनपर सबकी नजर
इस चरण में नीतीश सरकार के चार मंत्री पटना साहिब से नंदकिशोर यादव, नालंदा से श्रवण कुमार, मधुबन से राणा रणधीर सिंह और हथुआ से रामसेवक सिंह मैदान में हैं। इसी के साथ राघोपुर से तेजस्वी यादव, हसनपुर से तेज प्रताप यादव चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में आठ सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी। बाकी 86 सीटों पर शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। इस चरण के लिए चुनाव आयोग ने कुल 41 हजार 352 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनपर एक करोड़ पचास लाख तैंतीस हजार चौंतीस पुरुष मतदाता मतदान करेंगे। इसी तरह एक करोड़ 35 लाख 16 हजार 271 महिला मतदाता तथा 980 ट्रांसजेंडर मतदान करेंगे।
दूसरा चरणः-
- 401631 संवेदनशील मतदाता
- 8694 संवेदनशील बूथ
- 3548 वेबकास्ट बूथ
- 20240 पोस्टल बैलेट