मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू हुई है। ये बसें बिहार के 18 मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी।
शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने इस सेवा को हरी झंडी दिखाई। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी), कश्मीरी गेट पर आयोजित हुआ। इससे पहले बिहार परिवहन सचिव राज कामार और दिल्ली परिवहन सचिव निहारिका राय ने बस परिचालन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर परिचालन के लिए कुल 149 शानदार बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 गैर-वातानुकूलित और 74 वातानुकूलित बसें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल में भी 150 बसें चलेंगी। प्रदेश में कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है। हर मार्ग पर दिल्ली और बिहार दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित है।
मार्गों का विवरण
पटना से सबसे अधिक चार मार्ग दिल्ली के लिए चिह्नित हैं। मुजफ्फरपुर और गया जी से दो-दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग दिल्ली के लिए चुने गए हैं।
पूरे वर्ष परिवहन सुविधा
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि यह सेवा पहले पर्व-त्योहारों तक ही सीमित रहती थी। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग के बाद इसे पूरे वर्ष चलाने का निर्णय लिया गया है। बिहार सरकार संबंधित राज्यों के साथ पारस्परिक परिवहन समझौते कर रही है। जुलाई में बिहार-हरियाणा के बीच 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए समझौता ज्ञापन हुआ है, जिसके तहत 36 बसों का परमिट निगम को मिला है। अधिकांश बसें दिल्ली होकर हरियाणा के विभिन्न गंतव्यों तक जाएंगी, जिससे बिहार-हरियाणा और बिहार-दिल्ली के यात्रियों को परिवहन सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।
प्रमुख मार्ग और किराया
- बसों में 4 श्रेणियों में किराया निर्धारित किया गया है - नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर।
- पटना-दिल्ली (1198 किमी) - नॉन एसी सीटर 1615 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1715 रुपये, एसी सीटर 1980 रुपये, एसी स्लीपर 2919 रुपये
- मुजफ्फरपुर-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1470 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1570 रुपये, एसी सीटर 1804 रुपये, एसी स्लीपर 2717 रुपये
- गयाजी-दिल्ली (1106 किमी) - नॉन एसी सीटर 1555 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1655 रुपये, एसी सीटर 1907 रुपये, एसी स्लीपर 2784 रुपये
- दरभंगा-दिल्ली (1137 किमी) - नॉन एसी सीटर 1592 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1692 रुपये, एसी सीटर 1853 रुपये, एसी स्लीपर 2866 रुपये
- पूर्णिया-दिल्ली (1367 किमी) - नॉन एसी सीटर 2018 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2118 रुपये, एसी सीटर 2470 रुपये, एसी स्लीपर 3383 रुपये
- भागलपुर-दिल्ली (1420 किमी) - नॉन एसी सीटर 1917 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2017 रुपये, एसी सीटर 2347 रुपये, एसी स्लीपर 3256 रुपये
- अररिया-दिल्ली (1319 किमी) - नॉन एसी सीटर 1929 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2029 रुपये, एसी सीटर 2362 रुपये, एसी स्लीपर 3275 रुपये
- किशनगंज-दिल्ली (1427 किमी) - नॉन एसी सीटर 2011 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 2111 रुपये, एसी सीटर 2463 रुपये, एसी स्लीपर 3375 रुपये
- मोतिहारी-दिल्ली (1071 किमी) - नॉन एसी सीटर 1429 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1529 रुपये, एसी सीटर 1755 रुपये, एसी स्लीपर 2694 रुपये
- सीतामढ़ी-दिल्ली (1130 किमी) - नॉन एसी सीटर 1579 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1679 रुपये, एसी सीटर 1937 रुपये, एसी स्लीपर 2850 रुपये
- शिवहर-दिल्ली (1118 किमी) - नॉन एसी सीटर 1559 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1659 रुपये, एसी सीटर 1913 रुपये, एसी स्लीपर 2821 रुपये
- सीवान-दिल्ली (962 किमी) - नॉन एसी सीटर 1276 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1376 रुपये, एसी सीटर 1568 रुपये, एसी स्लीपर 2467 रुपये
- सुपौल-दिल्ली (1285 किमी) - नॉन एसी सीटर 1774 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1874 रुपये, एसी सीटर 2175 रुपये, एसी स्लीपर 3114 रुपये
- लौकहा-दिल्ली (1322 किमी) - नॉन एसी सीटर 1844 रुपये, नॉन एसी स्लीपर 1944 रुपये, एसी सीटर 2257 रुपये, एसी स्लीपर 3176 रुपये
अन्य मार्गों के किराए की जानकारी, बसों की समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पोर्टल www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी ले सकते हैं। आयोजित कार्यक्रम में बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।