परिजनों ने कपड़ों से की पहचान
ग्रामीणों का कहना है कि परिजनों ने भागदेव के शव की शिनाख्त उसके धारीदार स्वेटर से किया है जो उसने जेल में सजा के दौरान मंगवाया था । 10 मार्च को घर से वह उसी स्वेटर को पहनकर निकला था। जबकि लाला राय के परिजनों ने उसके शव की शिनाख्त उसके जीन्स पैंट और टी शर्ट से किया।
पत्नी ने चार को बनाया आरोपी
भागदेव राय की पत्नी रिंकू देवी ने थाना में आवेदन देते हुए कहा कि स्व विलास सिंह के पुत्र अर्जुन सिंह और संजय सिंह, तेजू कुमार सिंह और संजीव पटेल पर मेरे पति का 70 लाख रुपया बकाया था। मेरे पति प्रायः उन रुपयों की मांग उनलोगों से करते थे लेकिन ये लोग रुपया देने को तैयार नहीं थे। दस मार्च को अर्जुन सिंह और संजीव पटेल ने मेरे पति को बुलाया था। जिसके बाद मेरे पति भागदेव राय और लाला राय उनसे मिलने घर से निकले लेकिन वापस घर नहीं लौटे। मुझे आशंका है कि इन लोगों ने ही मेरे पति भागदेव राय और लाला राय की हत्या कर दी है।
चर्चित गैंग रेप से सुर्खि में आया था भागदेव
भागदेव राय पर पहले से भी कुछ मामले दर्ज थे लेकिन वह मुख्य रूप से बिदुपुर थाना क्षेत्र के खजवत्ती गैंगरेप से चर्चित हुआ था। बिदुपुर थाने की पुलिस के अनुसार भागदेव राय पर हत्या, अपहरण, लूट, रंगदारी, गैंग रेप सहित आठ संगीन मामले सिर्फ बिदुपुर थाने में दर्ज हैं।
गवाह को घर पर चढ़कर मार दी थी गोली
भागदेव पेरोल पर जेल से बाहर आया था और जेल से बाहर निकलते ही उसने 05 अप्रैल 2014 को गैगरेप मामले के एक गवाह शिक्षक राजदेव राय को उसके घर पर चढ़कर गोली मारकर हत्या कर दी।उस पर इसके अलावे अन्य तरह के मामले भी दर्ज हैं।
गैंगवार की आशंका
बिदुपुर क्षेत्र में कई अलग अलग गैंग सक्रिय रहे हैं। इन सब में आपसी गोलीबारी और हत्या तक की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। गैंगवार में ही 23 अगस्त 2018 को पानापुर दिलावरपुर चौक स्थित मुर्गी फॉर्म के निकट खजवत्ती के शिक्षक राजन रजक की हत्या हुई थी, 28 अक्टूबर 2019 को खिलवत में बिदुपुर के थानेदार अमरेंद्र झा पर अंधाधुंध फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश की गई थी।15 मई 2020 को दिलावपुर गोवर्धन पंचायत के मुखिया लव सिंह की गैंगवार में हत्या के साथ साथ अन्य घटनाओं को आपराधिक गुटों ने अंजाम दिया है। भले ही भागदेव राय की पत्नी प्रोपर्टी डीलिंग के बकाए राशि का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई हो लेकिन प्रशासनिक महकमे में इस हत्या को गैंगवार के घटना के तौर पर देखा जा रहा है।
दोनों के शव का हो डीएनए टेस्ट
ग्रामीणों का कहना है कि शव पूरी तरह सड़ गल चुका है। शव के साथ लगे हुए कपड़ों के आधार पर ही परिजन शव की शिनाख्त कर रहे हैं। इस स्थिति में सही से पहचान कर पाना मुश्किल सा हो रहा है इसलिये परिजनों ने प्रशासन से डीएनए टेस्ट की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस
बिदुपुर प्रभारी थाना अध्यक्ष रामशंकर साह का कहना है कि दोनों अपह्रत भागदेव राय और लाला राय की पहचान हुई है । दोनों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पटना PMCH में चल रही है।