पटना में गंगा घाट के पास एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव मिलने की सूचना के साथ ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीघा निवासी ट्रक चालक देवन राय (65 वर्ष) के रूप में की गई है। इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों का कहना है कि इनकी हत्या की गई है। परिजनों का यह मानना है कि किसी अन्य के द्वारा उसकी हत्या कर शव को गंगा के किनारे फेंक दिया गया है। मामला दीघा थाना क्षेत्र के गंगा घाट का है।
गंगा घाट पर मिला शव
घटना के संबंध में दीघा थानाध्यक्ष राजकुमार पांडे ने बताया कि पुलिस ने दीघा घाट स्थित पुल संख्या 88 के पास से एक व्यक्ति का शव गंगा नदी से बरामद किया है। कुछ लोगों ने मृतक की पहचान देवन राय के रूप में की है। उन्होंने बताया कि देवन राय के पुत्र मुकेश के द्वारा दीघा थाना में आवेदन दिया गया है।
लेनदेन का था विवाद
मृतक के पुत्र मुकेश के अनुसार उसके आसपास के एक पूर्व मुखिया के साथ रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। उस मामले में मुकेश ने उसे दो लाख रुपया दिया भी था। उसी मामले में इससे लगातार रुपयों की मांग की जा रही थी। दो दिन पहले भी एक आदमी मुकेश के घर पर आया और रुपया नहीं देने पर जान से मारने की धमकी गया था।
जांच में जुटी पुलिस
दीघा थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों का कहना है कि देवन राय की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।