Patna Crime News: राजधानी पटना में दिनदहाड़े एक शख्स का शव मिला है। यह शव किसकी है? इसकी मौत कैसे हुई? यह सब जांच करने लिए पटना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। जानिए पूरा मामला...
राजधानी पटना के सबसे वीवीआईपी इलाकों में शुमार हार्डिंग रोड पर गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मुख्य सड़क के किनारे फुटपाथ पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं, वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो जांच में जुट गई है। पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ सचिवालय डॉ. अन्नू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा मौत का कारण
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।