गोपालगंज जिले में सरकारी स्कूल के भवन में तीन युवकों ने एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। घटना गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान लड़की के गांव के ही तीन लड़कों ने उसे जबरन पकड़ लिया और उठाकर गांव के बाहर स्थित सरकारी स्कूल में ले गए। स्कूल में ले जाने के बाद तीनों बदमाशों ने बारी-बारी से लड़की के साथ दुष्कर्म किया और मुंह बंद रखने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
असहनीय दर्द से कराहती लड़की किसी तरह से अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। परिजनों ने तुरंत सिधवलिया थाने में पहुंचकर पुलिस को सारी बातें बताई। परिजनों ने गांव के ही तीन लड़कों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, शिक्षा के मंदिर में इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।