बिहार के पटना में कोरोना वायरस की वैक्सीन के ट्रायल का काम शुरू हो गया है। पटना एम्स में वैक्सीन का ट्रायल चल रहा है। गुरुवार को सात लोगों को कोरोना की वैक्सीन की पहली डोज दी गई। आठ लोगों को अभी तक वैक्सीन की डोज दी गई है। बताया जा रहा है कि कम से कम और 50 लोगों पर इसका ट्रायल होगा।
पटना एम्स के अधीक्षक के अनुसार जिन लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है, उन्हें 14 दिन बाद दूसरी डोज दी जाएगी। 28 दिनों के बाद वैक्सीन के असर पर अध्ययन किया जाएगा, जिसमें यह देखा जाएगा कि वैक्सीन के कारण किसमें कितना एंटीबॉडी विकसित हुआ है। अध्ययन की रिपोर्ट आईसीएमआर को भेजी जाएगी। देश में कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आईसीएमआर की देखरेख में भारत बायोटेक ने कोरोना की वैक्सीन विकसित की है।
पटना एम्स समेत देश के 13 संस्थानों में सात जुलाई से ही वैक्सीन का ट्रायल शुरू है। पटना एम्स इसके लिए अलग-अलग डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। 18 से 55 वर्ष के लोगों को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है। जिन्हें वैक्सीन दी गई थी, वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है।
बिहार में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 26 हजार के पार चली गई है। रविवार को बिहार में कोरोना के 1412 नए मामले आए। प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 26,379 मामले सामने आए हैं। इसमें 16,597 रिकवर हो चुके हैं। सूबे में कोरोना से मरने वालों की संख्या 179 हो गई है। वहीं, राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 9,603 है।