Bihar : पप्पू यादव को एक समय में विश्नोई गैंग से खूब धमकी मिल रही थी। उस मामले में कई तथ्य सामने आये, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना भी हुई थी। अब एक बार फिर उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का दावा किया है। अब पुलिस इस मामले की भी जांच करेगी।
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। इस बात की जानकारी पप्पू यादव ने खुद दी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने उन्हें फोन कर पारस अस्पताल में हुए चंदन मिश्रा की हत्या के बाद दिए गये बयान पर उन्हें फोन से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने मोबाइल पर यह भी कहा कि पारस हॉस्पिटल में चंदन मिश्रा की हत्या वाले मामले से दूर रहो वर्ना अच्छा नहीं होगा।
दरअसल पूर्णिया सांसद पप्पू यादव वैशाली जिला के ग़ोरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरापुर गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने बताया कि पारस अस्पताल से लौटने के बाद अपराधियों ने फोन कर इस मामले से दूर हट जाने और अलग रहने की नसीहत दी है। उन्होंने बताया कि उनसे कहा गया है कि पारस अस्पताल में जो हत्या हुई है, उसमें वह दिलचस्पी ना ले और इस मामले से हट जाए। वहीं पप्पू यादव ने एक बार फिर से बिहार मे बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि सबसे बड़ा अपराधी नेता है।
पप्पू यादव ने अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी जाति के आधार पर अपराधियों का मूल्यांकन करते हैं। इतना ही नही किस अपराधी को मरवाना है और किस अपराधी से मरवाना है यह तय कर रहे है। पप्पू यादव कॉलेज गई लड़की का अपहरण और हत्या के मामले में परिवार वालो से मिलने वैशाली पहुंचे थे, जहां उन्होंने इस मामले की स्पीडी ट्रायल, परिवार को सुरक्षा के साथ-साथ लड़की के परिवार को आर्थिक मदद देने की भी मांग की।