मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने ‘कायाकल्प’ पोर्टल का भी लोकार्पण किया। इस 'कायाकल्प' पोर्टल के माध्यम से योजनाओं की निगरानी में तेजी आएगी तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर एवं स्वच्छ बनाना और जरूरत के अनुसार नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है।
दो चरणों में होंगे काम
मुख्यमंत्री के मुताबिक अभियान के दो प्रमुख हिस्से हैं। पहले चरण में पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कराई जाएगी। इन कार्यों को हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, नई आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों के निर्माण का काम 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह किया कि मौजूदा परिसंपत्तियों से जुड़े जरूरी काम दीपावली से पहले ही पूरे करने का प्रयास करें।
स्कूलों से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक होंगे काम
मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इनमें विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े काम, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र और छात्रावासों में जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करना शामिल है। उन्होंने अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास समेत अन्य छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं पूरी करने को कहा। इसके अलावा सार्वजनिक संस्थानों में लंबित छोटे कार्यों को भी 30 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
बिहार: सरकारी अस्पतालों में 792 ड्रेसर और 644 एक्स-रे टेक्निशियन की नियुक्ति, मंत्री निशांत ने क्या कहा?
‘कायाकल्प’ पोर्टल पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कायाकल्प’ पोर्टल पर संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति, पूर्ण हुए कार्य और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। इससे योजनाओं की निगरानी आसान होगी और लंबित कार्यों में तेजी लाने में मदद मिलेगी। पोर्टल के साथ ‘कायाकल्प’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन विभागों की योजनाओं की होगी निगरानी
कायाकल्प पोर्टल पर ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास, शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध रहेगी।
जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के प्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी जरूरतों पर ध्यान देकर उनका समाधान किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को भी अभियान के तहत होने वाले कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने ‘कायाकल्प’ पोर्टल के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।