कोरोना वायरस देखते-देखते देश के हर एक हिस्से तक फैल गया है। कोरोना से आम जनता के साथ-साथ राजनेता और उनके परिवार के लोग भी चपेट में आ रहे हैं। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री आवास तक भी कोरोना वायरस पहुंच गया है। पटना के सरकारी आवास में रहने वाली सीएम नीतीश कुमार की भतीजी कोरोना से संक्रमित पाई गई हैं।
कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद सोमवार देर शाम उन्हें राजधानी पटना के एम्स में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ, पूरे मुख्यमंत्री आवास का सैनिटाइजेशन किया गया है। इसके अलावा घर के सभी सदस्य एहतियातन होम क्वारंटीन में चले गए हैं। मुख्यमंत्री के परिवार वालों की कोरोना जांच भी की जा रही है।
वहीं, बताया गया है कि इस घटना का मुख्यमंत्री के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है। वह हर रोज की तरह जनता की सेवा में लगे रहेंगे। बता दें कि, सीएम ने चार जुलाई को खुद की कोरोना जांच करवाई थी, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई थी।
यह भी पढ़ें: बिहार: स्कूल और मिड-डे मील बंद, भूख के खिलाफ रोजाना लड़ाई लड़ रहे हैं यहां के बच्चे
दरअसल, विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सभापति अवधेश नारायण सिंह के साथ बैठे थे। शनिवार को सभापित कोरोना से संक्रमित पाए गए। इसके बाद सीएम ने अपने संपर्क में आने वाले अधिकारियों और कर्मियों की कोरोना जांच करवाई। साथ ही खुद की भी कोरोना जांच करवाई। इन सभी लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उपमुख्यमंत्री की रिपोर्ट भी निगेटिव पाई गई थी।
बता दें कि, बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 12 हजार को पार कर गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी अपडेट के मुताबिक, बिहार में कुल मरीजों की संख्या 12 हजार 125 है, जिसमें 97 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से अब तक 8997 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 3031 है।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 22,252 नए मामले सामने आए हैं और 467 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,19,665 हो गई है। जिनमें से 2,59,557 सक्रिय मामले हैं, 4,39,948 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 20,160 लोगों की मौत हो चुकी है।