बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गुरुवार को उपचुनाव के परिणाम से झटका लगा। उनकी पार्टी जदयू कुढ़नी उप चुनाव में भाजपा से हार गई। हालांकि, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली जीत से नीतीश कुमार को राहत मिली है।
भाजपा को कुढ़नी उप चुनाव में मिली जीत
2020 में कुढ़नी सीट पर महागठबंधन की ओर से राजद ने जीत दर्ज की थी। तब जदयू के वोटर भारतीय जनता पार्टी के साथ थे, फिर भी भाजपा प्रत्याशी की हार हो गई थी। इस बार भाजपा के उसी प्रत्याशी ने जदयू को शिकस्त दी। उस जदयू के प्रत्याशी की हार हुई है, जो अब राजद के साथ सत्ता में है। इतना ही नहीं, राजद के नंबर 2 नेता तेजस्वी यादव ने यहां आकर जदयू प्रत्याशी के समर्थन में राजद समर्थकों से वोट की अपील की थी।
नीतीश कुमार के जनता दल यूनाईटेड ने भी कुढ़नी सीट के उप चुनाव में पूरी ताकत झोंकी थी। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने पिता के साथ सिंगापुर जाने का प्रोग्राम इस चुनाव प्रचार को पूरा करने के बाद का रखा। नीतीश-तेजस्वी की सभाओं के बावजूद परिणाम साफ-साफ दिखा रहा है कि जदयू को राजद का वोट नहीं के बराबर मिला। यह हार जदयू के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि अपनी तरफ से उसने भी कोई कसर नहीं छोड़ी थी।