बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
- फोटो : ANI
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले की कोशिश की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि नीतीश का काफिला जब बख्तियारपुर बाजार से होकर गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ को देखकर सीएम ने अपनी गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद वे नीचे उतर कर उन लोगों से मिलने लगे। इस दौरान एक शख्स ने उन्हें मुक्का मारने की कोशिश की। हालांकि, नीतीश इससे बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि एक युवक जबरन मुख्यमंत्री नीतीश के पास जाने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद उसने अचानक ही मुख्यमंत्री को मुक्का मारने की कोशिश की। हालांकि, सीएम इससे बाल-बाल बच गए। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया है। आरोपी को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
घटना बख्तियारपुर के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी व समाजसेवी पं. शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के दौरान हुई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी का नाम शंकर कुमार वर्मा उर्फ छोटू (32) है। पूछताछ में पता चला कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
उसके परिजनों ने बताया कि छोटू की दिमागी हालत ठीक नहीं है। कुछ साल पहले वह दो मंजिला छत से कूद गया था। वह एक बार फांसी लगाकर आत्महत्या करने का भी प्रयास कर चुका है। उसकी पत्नी छोड़कर चली गई है और अपने बच्चों के साथ अलग रहती है।
सीएम ने किया माफ
हालांकि, सीएम नीतीश ने युवक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवक की समस्या को समझकर समाधान करने व उसकी चिकित्सा में जरूरी सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया है।