लालू के बडे़ बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के पेट्रोल पंप पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड ने फर्जी कागजात के सहारे पेट्रोल पंप हासिल करने के आरोपों पर उनसे सफाई मांगी है।
कंपनी ने तेज प्रताप यादव को नोटिस जारी कर दस्तावेज के संबंध में पूछताछ की है। 29 मई को जारी नोटिस में कंपनी के पटना के मैनेजर (रिटेल) एम कुमार के हस्ताक्षर हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार भाजपा के नेता सुशील मोदी ने बीते दिनों आरोप लगाया था कि तेज प्रताप को गलत तरीके से पेट्रोल पंप आवंटित कर दिया गया है।
छह साल पुराने इस मामले में मोदी का दावा है कि अधिकारियों ने कागजात में हेराफेरी करके तेज प्रताप को पेट्रोल पंप आवंटित किया। मोदी के अनुसार 2011 मे जिस जमीन पर तेज प्रताप को पेट्रोल पंप आवंटित किया गया वो जमीन तेज प्रताप की नहीं बल्कि तेजस्वी यादव की है। इतना ही नहीं जब तेज प्रताप ने पेट्रोल पंप के लिए आवेदन किया उस वक्त वो जमीन तेजस्वी यादव की भी नहीं थी।