फुलवारी और खगौल थाना क्षेत्र की सीमा पर खगौल लख के पास रविवार दोपहर नहर से तीन दिन से लापता 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिशु कुमार के रूप में हुई है।
मृतक के पिता अनिल राम ने बताया कि उनका बेटा 22 अक्टूबर की रात खगौल स्थित जगत नारायण कॉलेज के पास अपनी नानी के घर से रूपसपुर स्थित अपने घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खगौल थाने को इसकी सूचना दी। पिता का आरोप है कि थाने में उनका आवेदन नहीं लिया गया। बाद में उन्होंने पटना एम्स के पास स्थित ओपी के प्रभारी रवि कुमार को मामले की जानकारी दी।
पढ़ें: पटना: बिहार रेजिमेंट के सम्मेलन में 26 वीर नारियों का सम्मान, 7वीं बटालियन को मिला रेजिमेंटल बैनर
रविवार दोपहर पुलिस को खगौल लख के पास नहर में शव मिलने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता अनिल राम ने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक नहर तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। एम्स ओपी प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।