बिहार बोर्ड ने आज मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार मैट्रिक की परीक्षा में छात्रों का दबदबा रहा है। रोहतास जिले के नटवार स्थित जनता हाईस्कूल के हिमांशु राज बिहार टॉपर बना है। हिमांशु ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक हासिल करते हुए टॉप किया है। हिमांशु ने 96.20 फीसदी अंक हासिल किए हैं, उन्हें 481 नंबर मिले।
हिमांशु के पिता किसान हैं। वह दूसरे के खेत को पट्टा पर लेकर खेती करते हैं। आर्थिक स्थिति खराब होने के बावजूद हिमांशु ने किसी तरह से पढ़ाई जारी रखी और अपने मेहनत के दम पर वह आज बिहार टॉपर बना है। हिमांशु ने बताया कि कोचिंग के साथ पापा भी पढ़ाई कराते थे। घर में 14 घंटे पढ़ता था।
हिमांशु ने कहा कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है। इसको लेकर वह आगे भी कड़ी मेहनत करने को तैयार है। हिमांशु ने बताया कि उसने कई बार अपने पिता के साथ बाजार में सब्जियां भी बेची हैं। इन सारे कामों को निपटाने के साथ ही हिमांशु ने पूरे मन से पढ़ाई जारी रखी और उसकी मेहनत का नतीजा है कि उसने टॉप किया है।
मालूम हो कि बिहार मैट्रिक रिजल्ट के लिए छात्र काफी दिनों से इंतजार कर रहे थे। लंबे इंतजार के बाद आज बिहार बोर्ड ने दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया है। पहली बार है कि बिहार बोर्ड का परिणाम शिक्षा विभाग ने जारी किया है।