फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Assembly Election: 'बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं', तेजस्वी बोले- 14 नवंबर को बनेगी महागठबंधन की सरकार

Thu, 09 Oct 2025 08:52 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर

सार

बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव का समर्थन किया।
विज्ञापन
पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में प्रतिपक्ष के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का चुनावी शंखनाद किया। इस दौरान वे झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव की कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से चुनावी दावेदारी का समर्थन करने पहुंचे।

भागलपुर जिले के गोराडीह स्थित मध्य विद्यालय बिरनौध में आयोजित चुनावी जनसभा में तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखे प्रहार किए। नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब बिहार को ऐसे युवा मुख्यमंत्री की जरूरत है, जिनके पास स्पष्ट विजन हो, न कि अचेत अवस्था वाले सीएम की।

तेजस्वी ने कहा कि पिछले बीस साल से बिहार में काबिज खटारा सरकार से जनता उबर चुकी है। लोग बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और पलायन की मार झेल रहे हैं। बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर जनता को इन समस्याओं से राहत दिलाने का काम किया जाएगा।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर बिहार में विकास न करने और भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि अगर महागठबंधन सरकार बनी तो जनवरी से माई-बहिन योजना के तहत सभी महिलाओं के खाते में प्रति माह 2500 रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने पीएम मोदी के बीते दस साल के कार्यकाल के दौरान रसोई गैस की कीमत 500 रुपये से बढ़कर 1200 रुपये होने का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार 500 रुपये में रसोई गैस देगी।

विज्ञापन


पढे़ं: कांग्रेस विधायक के बाद अब राजद MLA का इस्तीफा; बिहार चुनाव के पहले किसने-क्यों किया ऐसा?
विज्ञापन


तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “पलटू चाचा का हम सम्मान करते हैं, लेकिन जो उन्होंने किया, वह पूरा बिहार जानता है। अब वह अचेत अवस्था में हैं और भाजपा ने उन्हें हाईजैक कर रखा है। जनता खुद तय करे कि उन्हें अस्वस्थ मुख्यमंत्री चाहिए या विजन वाला नौजवान मुख्यमंत्री।”

उन्होंने कहा कि आगामी महागठबंधन सरकार दवाई, पढ़ाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई पर ध्यान देगी। तेजस्वी ने दावा किया कि 14 नवंबर को महागठबंधन की सरकार बनेगी और बिहार की हर जनता किंगमेकर होगी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि मोदी 11 साल और नीतीश कुमार 20 साल से सत्ता में हैं, लेकिन बिहार में एक भी फैक्ट्री नहीं लगी। गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी रुकी नहीं और पलायन कम नहीं हुआ। इसके विपरीत बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सिर्फ हिन्दू-मुस्लिमों के बीच नफरत की राजनीति करते हैं और विकास के बजाय वोट बैंक की राजनीति करते हैं।

तेजस्वी ने अपनी राजनीति विकास और रोजगार आधारित होने का दावा किया और कहा कि बिहार को अब पलटना नहीं, बल्कि आगे बढ़ना है। शराबबंदी कानून पर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल है। होम डिलीवरी हो रही है, जबकि दलित, पिछड़े और गरीब लोग जेल में हैं, लेकिन अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

भागलपुर के चर्चित सृजन घोटाले का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि इसमें शामिल लोगों पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार, एनडीए सरकार के दौरान बिहार में 70 हजार करोड़ का घोटाला हुआ, लेकिन अभी तक किसी पर कार्रवाई नहीं हुई।

तेजस्वी यादव ने कहलगांव से चुनावी जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर यह संदेश दिया कि वह इस बार बिहार की राजनीति में नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मैदान में हैं। इस जनसभा में तय हुआ कि झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव को कहलगांव से राजद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें