बाहुबली अनंत सिंह ने मोकामा सीट के लिए नामांकन किया। अनंत सिंह पांचवीं बार यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पत्नी ने बाढ़ से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया है। अनंत अभी पटना के बेऊर जेल में बंद है।
राजद से राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी ने भी अपना नामांकन किया। कांग्रेस के अंबा के उम्मीदवार राजेश कुमार ने अपना नामांकन किया। भाजपा, कांग्रेस, राजद, सहित कई दलों के 66 उम्मीदवारों ने पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन किया है। पहले चरण के लिए 8 अक्तूबर ही नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है।
टिकट बेचने का आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट बेचने के आरोप बड़े दलों पर भी लगने लगे हैं। बुधवार को जदयू कार्यालय में पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के सामने अस्थावां से आए पार्टी नेता और उनके समर्थकों ने पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
हंगामे के बीच पार्टी ने कुल 115 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। उधर कांग्रेस में टिकटों के आधिकारिक एलान में हो रही देरी के बाद कई लोगों ने टिकट बेचने के आरोप लगाए हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने ही कांग्रेस नेतृत्व को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
शर्मा ने ट्वीट किया है कि प्रदेश चुनाव समिति की औपचारिक अनुशंसा के बगैर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। कांग्रेस के लोग निजी पसंद और नापसंद के आधार पर टिकट देने का काम कर रहे हैं। इससे पहले राजद में टिकट बेचने के आरोप लग चुके हैं।
आरोप लगाने वाले राबड़ी देवी के आवास और तेजप्रताप यादव के आवास के बाहर हंगामा भी कर चुके हैं। ऐसे आरोपों से भाजपा भी वंचित नहीं है। टिकट से वंचित कई लोग और उनके समर्थक भाजपा कार्यालय के बाहर हंगामा खड़ा कर चुके हैं। ऐसे लोगों ने पार्टी नेताओं पर टिकट बेचने के आरोप लगाए हैं। लोजपा पर भी ऐसे आरोप लग रहे हैं।
शक्ति हत्याकांड की सीबीआई जांच हो : तेजस्वी
राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कहा है कि पूर्णिया के राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शक्ति मलिक की हत्या मामले की जांच सीबीआई से हो। इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड में राजद नेता तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आरोपी बनाये गये हैं।