तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को मशरख स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान तरैया थाना क्षेत्र के छपिया गांव निवासी गुड्डु महतो की पुत्री अनन्या कुमारी (4) के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।
पढ़ें: मंत्री संजय सरावगी ने PM मोदी के जन्मदिन पर काटा 75 किलो का लड्डू वाला केक, 'जुग-जुग जियो' के लगे नारे
परिजनों के अनुसार, अनन्या अपने घर के सामने सड़क पर खेल रही थी, तभी तेज गति से आ रही बाइक ने संतुलन खोते हुए सीधी उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी।
मौत की खबर मिलते ही मां दमसीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही कोई चेतावनी संकेत। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।