बेगूसराय की घटना के ठीक एक दिन बाद भागलपुर जिले में बदमाशों का बेखौफ अंदाज देखने को मिला। बदमाशों ने एक व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार को हुए गोलीकांड की दहशत से अभी लोग उबरे भी नहीं थे कि भागलपुर जिले के नाथनगर में बुधवार को एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े फायरिंग की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 11 लोगों पर गोली बरसाने वाले अपराधी अब भी फरार हैं। इस गोली कांड के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। कई लोग डर के मारे घर के बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। वहीं पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
वहीं इस बीच पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने इस घटना को लेकर कहा कि हाल ही में जेल से छूटे सभी लोगों की पहचान की जा रही है, उनमें से सभी संदिग्धों का पता लगाया जा रहा है। पेट्रोलिंग कारों की जांच की गई है और उसमें 7 गाड़ियों में कमी पाई गई और इसके लिए गाड़ियों के पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी घटना को लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बेगूसराय के एसपी ने कहा कि हमने घटना के आरोपियों का पता लगाने के लिए चार टीमों का गठन किया है। टीमें पड़ोसी जिले के सभी संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही। सीसीटीवी चेक किए गए हैं जिनसे हमें अहम जानकारियां मिली हैं।