बिहार में लोकसभा चुनाव के पश्चात आगामी 2025 में विधानसभा चुनाव होना है। केन्द्र में अपने घटक दलों की मदद नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने गए हैं, लेकिन बिहार एनडीए में आम चुनाव से पूर्व सब कुछ ठीक नहीं है। इसकी बानगी फिर दिखने लगी है।
दरअसल बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे भागलपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ने 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने बिहार में एनडीए को भाजपा नेतृत्व वाले चेहरे पर चुनाव लड़ने की बात कही थी। जिसपर सियासी संग्राम बढ़ने लगा है। अश्वनी चौबे के इस बयान ने खूब सुर्खियां बटोरी।
वहीं इसपर जदयू विधायक गोपाल मंडल ने अश्वनी चौबे और गिरिराज सिंह पर जवाबी हमला किया, साथ ही एनडीए घटक दल पर भी टिप्पणी की है। गोपाल मंडल ने कहा कि अश्वनी चौबे क्या है? बिहार में भाजपा का स्थान कहां है? ऐसे ही चौबे जी बकबक करते हैं। उनका दिमाग खिसक गया है। वहीं गिरिराज सिंह को लेकर कहा कि वह भी बकबक करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नीतीश को साइड करके कहां जाएगी, अगर दम था तो क्यों नहीं अकेले चुनाव लड़े। इन लोगों को बकबक करने की आदत है।