भागलपुर सहित कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद किए गए आवागमन को अब फिर से बहाल किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि सात जून को सुबह 11 बजे से सेतु पर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बीआरओ कर रहा है निर्माण कार्य
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा चार स्थानों पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया है। इन बेली ब्रिजों का कई चरणों में सफल ट्रायल भी पूरा किया जा चुका है, जिसके बाद आवागमन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
10 टन तक क्षमता वाले वाहनों का आवागमन होगा
भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि बेली ब्रिज के माध्यम से 10 टन तक क्षमता वाले वाहनों का आवागमन संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह बेली ब्रिज वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित होगा। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। बेली ब्रिज पर तीन शिफ्ट में पुलिस बल की तैनाती रहेगी और पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी करते हुए यातायात संचालन सुनिश्चित करेंगे।
ये भी पढ़ें-
Bihar: जन्मदिन पर महाबोधि महाविहार पहुंचे विजय कुमार सिन्हा, भगवान बुद्ध से विकसित भारत का मांगा आशीर्वाद
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन रोक दिया गया था। इसके कारण भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के हजारों लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब 7 जून से यातायात बहाल होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।