Bihar : बिहार से चलाई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर आज फिर पत्थरबाजी की घटना हुई है। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन रेलवे पुलिस की चुनौती जरुर बढ़ गई है, कि आखिर कोई क्यों इस ट्रेन पर पत्थरबाजी कर रहा है।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की कई घटनाएं अब तक हो चुकी हैं। अब एक बार फिर इस घटना की पुनरावृति हुई है, जिसमें कुछ असामाजिक तत्वों ने जमालपुर--हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22310) पर पथराव किया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
विज्ञापन
अचानक होने लगी पत्थरबाजी
घटना सोमवार की शाम करीब 5:15 बजे कि है जब ट्रेन पंजवार रोड हाल्ट के समीप रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते हुए और ट्रेन बारहट से अपने अगले गंतव्य स्थान मंदारहिल की ओर बढ़ रही थी। तभी अचानक ट्रेन पर पथराव होने लगा। ट्रेन की रफ़्तार उस समय लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अचानक हुए इस पत्थरबाजी से ट्रेन में बैठे यात्री घबड़ा गए गए। ट्रेन के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। यात्रियों का कहना है कि पथराव कोच संख्या सी-4 पर हुआ है, जिससे सीट संख्या 61 से 63, 65 से 67 और 70 से 72 के पास की खिड़कियोंके शीशे टूट गये हैं। घटना के संबंध में यात्रियों का कहना है कि अचानक हुए हमले में जोरदार आवाज हुई, शीशे के कांच टूट गये लेकिन उन्हें चोट नहीं लगी।
रेलवे पुलिस जांच में जुटी
यात्रियों ने घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस हरकत में आई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। बिना समय गंवाए सुरक्षाकर्मी भी पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मंदारहिल स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन थोड़ी देर के लिए रुकी, फिर ट्रेन आगे बढ़ गई। घटना के संबंध में रेलवे पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बहुत जल्द वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।