बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज से बुधवार सुबह मां के साथ मटन खरीदने गई 12 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने छात्रा के रेलकर्मी पिता से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिजनों के मुताबिक बदमाशों ने मोबाइल पर कई बार बात कर पैसे का इंतजाम करने और रकम नहीं देने पर छात्रा की हत्या करने की धमकी भी दी।
मां मटन खरीद रही थी, पीछे मुड़ी तो बेटी गायब थी
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि वह बेटी के साथ मटन की दुकान पर गई थी। जब वह मटन खरीदने में व्यस्त थी और पीछे मुड़कर देखा तो बेटी वहां नहीं थी। इसके बाद वह घबराकर बेटी का नाम पुकारते हुए आसपास तलाश करने लगी। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तो परिजनों के साथ बबरगंज थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। इसी दौरान मोबाइल पर कॉल कर 50 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है।
पुलिस की नाकेबंदी के बाद सुल्तानगंज में मिली छात्रा
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम और तकनीकी टीम का गठन किया। पुलिस ने जिले में नाकेबंदी कर जांच शुरू की। इसके बाद बुधवार शाम करीब पांच बजे छात्रा सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में सकुशल मिली। पुलिस की विशेष टीम उसे महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में भागलपुर लेकर आई। छात्रा की सुरक्षित वापसी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
यह भी पढ़ें:
ट्रेन में MVI ने पति की हत्या करवाई, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश का राज 34 दिन बाद खुला
फिरौती के एंगल पर जांच जारी
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने कहा कि फिलहाल इसे फिरौती के लिए अपहरण का मामला कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी।