भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में दोस्ती, भरोसे और पैसों के लेन-देन से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अपने ही दोस्त को उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक किन्नर के लिए जानलेवा साबित हो गया।
खुलनी गांव की है पूरी घटना
घटना शाहकुंड थाना क्षेत्र के खुलनी गांव की है। मृतक की पहचान सुनील मंडल के रूप में हुई है, जो किन्नर समुदाय में शामिल होने के बाद गनिया देवी के नाम से जाना जाता था।
पांच लाख रुपये को लेकर रची गई साजिश
मृतक के परिजनों ने बताया कि सुनील ने अपने दोस्त प्रदीप यादव को घर बनाने के लिए करीब पांच लाख रुपये कर्ज के रूप में दिए थे। परिजनों के अनुसार, जब सुनील ने प्रदीप यादव से अपना पैसा वापस मांगा, तो उसने साजिश के तहत खाने में जहर मिलाकर उसे खिला दिया।
सोने की चेन छीनने का भी आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने सुनील के गले से सोने की चेन भी छीन ली। जहर देने के बाद प्रदीप यादव सुनील को उसके घर छोड़कर फरार हो गया।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी बात
घर पहुंचने के बाद सुनील ने खुद अपने परिजनों को बताया कि उसे प्रदीप यादव ने जहर खिलाया है। इसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय शाहकुंड अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौरान हुई मौत
डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें:
परीक्षा देकर लौट रही छात्रा पर ‘एक्स बॉयफ्रेंड’ का खूनी हमला, समस्तीपुर में बीच सड़क चाकूबाजी से हड़कंप
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।