भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर हादसा घटित होने से युवक की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान पुरानी सराय निवासी घोलटी मंडल के पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, मनीष कुमार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता घोलटी मंडल ने बताया कि मनीष परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था और घर की उम्मीदों का सहारा था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Bihar Daroga Exam 2026: बिहार दरोगा अभ्यर्थियों के लिए आज खास दिन, BPSSC दो शिफ्टों में ले रही परीक्षा
इधर, स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस रेलखंड पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और सतर्कता की गंभीर जरूरत को उजागर करता है।