भागलपुर नाथनगर थाना क्षेत्र के डोगछी बायपास पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को मायागंज अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र तांती के 14 वर्षीय पुत्र सर्वजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक का नाम गोपाल कुमार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सर्वजीत अपने नानी के घर आया था और पड़ोस के मामा संग बाइक से घूमने निकला था। इसी दौरान बायपास पर बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सर्वजीत बाइक के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़ें: फोरलेन पर दो बाइकों की भीषण टक्कर, बिजली मिस्त्री की मौत; परिवार का इकलौता सहारा छिना
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां राजमणि देवी, जो बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड अस्पताल में आशा कार्यकर्ता हैं, अस्पताल पहुंचीं। मां ने बताया कि सर्वजीत पानी मांगते हुए बार-बार उनसे पास में रहने की गुजारिश करता रहा। करीब एक घंटे तक उसकी सांसें चलती रहीं, लेकिन अंततः मां की गोद में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां के अनुसार, सर्वजीत अक्सर कहता था कि 10वीं पास कर आर्मी बनूंगा, बाल भी आर्मी की तरह कटवाऊंगा।” वह घर का सबसे छोटा बेटा था, जबकि पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।