घटना के बाद शोक में डूबे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित पिस्ता गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 20 वर्षीय युवक सोनू कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का दावा है कि युवक पर भूत-प्रेत का साया था, जिसकी वजह से वह पहले भी कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। इस बार जब घर पर कोई नहीं था, युवक ने खुद को फांसी के फंदे से लटका लिया और अपनी जीवनलीला खत्म कर ली।
यह भी पढ़ें- Bihar Politics:वक्फ संशोधन बिल पारित होते ही मुस्लिम कार्यकर्ताओं का नीतीश से मोहभंग, समूह में छोड़ रहे Jdu
शादी के एक महीने बाद ही खुशहाल जिंदगी ने लिया दर्दनाक मोड़
सोनू की शादी मात्र एक महीने पहले सहरसा की अंजली कुमारी से हुई थी। परिजन बताते हैं कि वह शादी से खुश था, लेकिन मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगा था। उसके पिता सुबोध चौधरी, जो नीरा बेचने का कार्य करते हैं, घटना के समय काम पर थे। मां पास ही एक किराना दुकान में थीं। इसी बीच सोनू ने घर में अकेले रहकर फांसी लगा ली।
परिजनों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं था, जब उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की हो। इससे पहले भी दो-तीन बार फांसी लगाने की कोशिश कर चुका था। लेकिन हर बार समय रहते उसे बचा लिया गया था। इस बार किसी को भनक तक नहीं लगी।
‘भूत-प्रेत के साए’ की बात से सहमे परिजन
सोनू के पिता सुबोध चौधरी ने दावा किया कि उनके बेटे पर 'भूत-प्रेत का साया' बना रहता था। जब उस पर यह असर होता था, तो वह खुद को नुकसान पहुंचाने लगता था। पिता ने यह भी बताया कि पहले भी कई बार झाड़-फूंक और ओझा-गुनी से इलाज करवाया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। नवविवाहिता पत्नी अंजली कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है। वह घटना के बाद से अवसाद और सदमे में है।
यह भी पढ़ें- Crime: राजधानी में दिनदहाड़े मर्डर; मरीन ड्राइव पर स्कूटी सवार युवक को सिर में मारी गोली, अस्पताल में मौत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गहराई से जांच की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की आत्महत्या के पीछे मानसिक तनाव मुख्य कारण था या वाकई किसी अंधविश्वास या मनोवैज्ञानिक समस्या ने उसे ऐसा कदम उठाने पर मजबूर किया। पुलिस इस पूरे मामले को हर पहलू से जांचने में जुटी है।