पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हर घर नल-जल योजना भागलपुर के सबौर प्रखंड के इंग्लिश गांव स्थित वार्ड संख्या 11 में धराशाई होती दिख रही है। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर असंतोष बना हुआ है।
ग्रामीणों ने लगाए वार्ड सदस्य पर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड सदस्य जुगल कुमार यादव पानी की सप्लाई को लेकर मनमानी करते हैं। उनका कहना है कि पानी का वितरण तय समय या समान रूप से नहीं होता। वार्ड सदस्य के घर के आसपास के लोगों को पानी मिल जाता है, जबकि कुछ ही मीटर की दूरी पर रहने वाले लोग पानी के लिए तरस जाते हैं।
पैसे देने पर नियमित पानी सप्लाई होने का दावा
कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पहले वे प्रति माह 30 रुपये पानी की सप्लाई के लिए देते थे, तब नियमित रूप से पानी मिल जाता था। लेकिन जब से पैसे देना बंद किया गया, तब से पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या बीते करीब दो वर्षों से बनी हुई है।
पढ़ें- Bihar: अजगैबीनाथ धाम में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डे का डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने किया हवाई सर्वेक्षण; जानें
वार्ड सदस्य ने आरोपों को किया खारिज
मामले में वार्ड सदस्य जुगल कुमार यादव ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने जिले के वरीय पदाधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी है। उनके अनुसार, नल-जल योजना के तहत पानी की सप्लाई ठीक-ठाक होती रही है, लेकिन गांव के कुछ लोग कनेक्शन में मोटर लगाकर अपने घर की टंकी भर लेते हैं, जिससे अन्य लोगों तक पानी नहीं पहुंच पाता।
गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ी चिंता
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है। जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, पानी की समस्या और गंभीर हो जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में उन्हें एक-एक बूंद पानी के लिए दूसरे गांवों पर निर्भर होना पड़ता है।