बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम से करीब 15 करोड़ रुपये के आभूषणों की लूट ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। 18 नवंबर को सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित शोरूम में दिनदहाड़े हुई इस वारदात की जांच अब बिहार के समस्तीपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर से आगे उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। इस बीच सबसे चौंकाने वाला पहलू जेल में बंद कथित गोल्ड लूट गिरोह के मास्टरमाइंड सुबोध सिंह का नाम सामने आना है। सवाल उठ रहा है कि क्या इस बड़ी वारदात के पीछे भी उसी नेटवर्क की भूमिका है? हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस कनेक्शन की पुष्टि नहीं की है।
बिहार से यूपी और बंगाल तक पहुंची जांच की कड़ियां
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बेतिया लूटकांड की जांच में कई राज्यों के अपराधियों और संदिग्ध नेटवर्क की भूमिका खंगाली जा रही है। समस्तीपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के अलावा उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक जांच की कड़ियां जुड़ने की बात सामने आई है। इस मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी की चर्चा भी है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
कौन है सुबोध सिंह, क्यों आया नाम?
इस पूरे मामले में सुबोध सिंह का नाम सामने आने से जांच ने नया मोड़ ले लिया है। उसे देश के अलग-अलग हिस्सों में सोना लूटने वाले गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया जाता रहा है। चर्चा है कि उसका नेटवर्क बिहार समेत कई राज्यों में सक्रिय रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेतिया की वारदात में इस्तेमाल किए गए तौर-तरीकों और संभावित नेटवर्क की पड़ताल के दौरान उसके नाम की भी जांच की जा रही है।
2022 में पटना से हुई थी गिरफ्तारी
सुबोध सिंह की गिरफ्तारी को लेकर वर्ष 2022 में खबरें सामने आई थीं। बताया जाता है कि उसे पटना से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल उसके जेल में बंद होने की बात कही जा रही है। उस पर पहले भी जेल के भीतर से गिरोह का संचालन करने और बाहर मौजूद सहयोगियों के जरिए वारदातों की योजना बनवाने जैसे आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, बेतिया लूटकांड में उसकी भूमिका अभी जांच का विषय है।
रेकी से लेकर फरारी तक, सुनियोजित तरीके से हुई वारदात
बेतिया शोरूम में लूट को अंजाम देने का तरीका भी जांच एजेंसियों के लिए अहम सुराग माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अपराधी वारदात से एक दिन पहले बेतिया पहुंचे थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में अपनी कार खड़ी की और शोरूम की रेकी की। इसके बाद मौका मिलते ही हथियारों के बल पर ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की गई।
वारदात के बाद लूटे गए आभूषण कार में रखे गए, जबकि अपराधी खुद बाइक से फरार हो गए। जांच में इस बात पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने, लूटे गए आभूषणों को ले जाने और उन्हें आगे ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी अलग-अलग लोगों को दी गई थी या नहीं।
क्या फोन से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क?
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस बात की आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शामिल सभी लोगों को पूरे नेटवर्क की जानकारी नहीं रही होगी। कुछ लोगों को केवल फोन के जरिए निर्देश दिए गए हों कि कहां पहुंचना है, किस जगह वारदात करनी है और उसके बाद क्या करना है। ऐसे में जांच एजेंसियां केवल वारदात को अंजाम देने वाले लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि इसके पीछे संभावित संचालकों और लूटे गए माल को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
पुलिस की चुप्पी, मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश
फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है। माना जा रहा है कि जांच की गोपनीयता बनाए रखने और अन्य संदिग्धों तक पहुंचने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है। सुबोध सिंह का नाम सामने आने के बाद अब यह देखना अहम होगा कि जांच एजेंसियों को उसके और बेतिया लूटकांड के बीच कोई ठोस कड़ी मिलती है या नहीं। फिलहाल इस मामले में उसका कनेक्शन स्थापित होना बाकी है।
पुलिस प्रशासन की नाकामी पर उठाए सवाल
कांग्रेस के बेतिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी वसी अहमद ने कहा कि केवल अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। पुलिस को लूटे गए सामान की बरामदगी भी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने व्यवसायियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्य बाजार और व्यस्त सड़क पर स्थित ज्वेलरी शोरूम सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
आंदोलन को और तेज करने की दी चेतावनी
प्रतिरोध मार्च में कांग्रेस नेता वसी अहमद, माले नेता सुनील राव, राजद नेता प्रभु यादव, अमजद खान और फरहान राजा सहित महागठबंधन के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवरात और सामान की बरामदगी नहीं करती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।