बेतिया से शिक्षा विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। मामला योगापट्टी प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बल्डीहा का है, जहां बच्चों को दिए जाने वाले सोयाबीन में कीड़ा मिलने के बाद जमकर हंगामा हुआ था। अब इस मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के खिलाफ स्पष्टीकरण की कार्रवाई की गई है।
इस पूरे मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लीलावती ने अपने ही विद्यालय के कुछ शिक्षकों और एमडीएम प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय का प्रभार उनसे छीनने के लिए लगातार राजनीति की जा रही है। यहां तक कि उन्हें जाति का हवाला देकर प्रताड़ित किया जाता है और धमकियां भी दी जाती हैं।
शुरू हुई जांच की प्रक्रिया
बताते चलें कि यह पूरा मामला मंगलवार, 3 नवंबर का है। उस दिन जिले के योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बल्डीहा में मध्याह्न भोजन के लिए तैयार किए जा रहे सोयाबीन में कीड़ा मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया था।
मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा तो प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गीतांजलि कुमारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच प्रतिवेदन में एमडीएम व्यवस्था में गड़बड़ी की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद जिला शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापिका से स्पष्टीकरण मांगते हुए अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एमडीएम प्रभारी को विस्तृत जांच का निर्देश
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने बताया कि मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन को भी पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
स्थानीय विधायक ने भी लिया संज्ञान
इधर, स्थानीय भाजपा विधायक विनय बिहारी ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया है। विधायक ने बताया कि उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री से इस मामले में बातचीत की है। शिक्षा मंत्री ने गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
खुद को बताया साजिश का शिकार
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लीलावती ने पूरे मामले में खुद को साजिश का शिकार बताया है। उनका आरोप है कि जब से उन्होंने विद्यालय में पदभार संभाला है, तब से एमडीएम प्रभारी रवि रंजन और कुछ शिक्षक उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। उन पर विद्यालय का प्रभार छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। प्रधानाध्यापिका का यह भी आरोप है कि जाति का हवाला देकर उन्हें प्रताड़ित किया जाता है और बार-बार धमकियां दी जाती हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार: लाखों मेहमान, 14 हलवाई टीमें-घुड़दौड़ का मैदान, कैसी है अनंत सिंह की बेटी शादी की तैयारी, देखें तस्वीर
शिक्षक सूत्रों के अनुसार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में एमडीएम प्रभारी की भूमिका पर भी संदेह जताए जाने की बात सामने आ रही है। इसके अलावा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन पर भी जांच को प्रभावित करने और प्रधानाध्यापिका के खिलाफ रिपोर्ट देने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना अभी बाकी है।