बैठक में आप से दूर कांग्रेस, मीडिया के सामने तो तख्तियां भी हट गईं।
- फोटो : अमर उजाला
राहुल जाने वाले थे, चले गए आप के दोनों सीएम
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ढाई बजे निकलने और चार बजे दिल्ली में रहने की सूचना मीडिया को दी गई थी। ढाई बजे बैठक खत्म होने की सूचना बाहर आ भी गई। उम्मीद थी कि चार नेता संवाददाता सम्मेलन करेंगे। लेकिन, हो गया कुछ और। अचानक राहुल गांधी नजर आए तो मीडियाकर्मी भी चौंक गए। इधर राहुल बैठ रहे थे और उधर केजरीवाल-भगवंत की तख्तियां समेटकर हटाई जा रही थीं। तभी पक्का हो गया कि केजरीवाल जिस अध्यादेश को लेकर कांग्रेस का हाथ अपने साथ चाहते थे, उसपर बात नहीं बनी और वह निकल गए। बाद में यह बात साफ भी हुई कि मीडिया के सवालों का जवाब दिए बगैर निकल लेने की एक बड़ी वजह यह भी थी और दो नेताओं ने दलों के घटने की बात पर मीडिया को निशाना क्यों बनाया।
18 की घोषणा थी, मगर रह गए 14
जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बार-बार जोर देकर कहा था कि पहली बार 18 दल जुट रहे हैं। बैठक के पहले इनकी संख्या घटकर 15 रह गई। शुक्रवार को बैठक में आम आदमी पार्टी ने जिस तरह अध्यादेश पर कांग्रेस के समर्थन बगैर उसके साथ किसी डील पर हामी से इनकार किया है, उससे संख्या घटकर 14 रह गई। इस 14 को वापस 15 पर लाने के लिए कांग्रेस को आप से डील करनी होगी, जिसकी उम्मीद निकट भविष्य में नहीं दिख रही है।