मौनी व्रत और कार्तिक स्नान को लेकर नालंदा जिले के श्रद्धालु बाढ़ के उमानाथ स्थित उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान बाढ़ थाना क्षेत्र के एकडंगा पुल के पास मोड़ पर तेज रफ्तार मारुति कार ने सामने से आ रहे ऑटो और ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आधा दर्जन महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ में भर्ती कराया। वहां एक बच्चे और एक बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घायल नालंदा जिले के कैला मोड़ और रामपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ में जुट गई।
घायल वाल्मीकि पंडित ने बताया कि वह बाढ़ स्थित उमानाथ गंगा घाट पर स्नान करने के लिए टेंपो से आ रहे थे। इसी दौरान एकडंगा मोड़ के पास सामने से आ रही एक चारपहिया गाड़ी ने टेंपो और ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह लोग कैला मोड़ के रहने वाले हैं।