बिहार में अब विशेष परिस्थितियों में ही किसी गाड़ी पर लाल और नीली बत्तियां दिखेंगी। गाड़ी से बत्तियों को हटाने के संबंध में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मिली अधिसूचना को बिहार सरकार ने मंगलवार को लागू कर दिया।
अधिसूचना जारी होते ही राज्य में अब लाल और नीली बत्ती का प्रयोग किसी भी वाहन में नहीं किया जा सकेगा। राज्य सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना में विशेष परिस्थिति में इन बत्तियों का प्रयोग करने की बात कही गई है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में केंद्र सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना के बाद भी कई मंत्री और कुछ अधिकारियों ने अपनी गाड़ी से लाल व नीली बत्ती हटाने पर आपत्ति जताई थी। ऐसे तमाम मंत्री और विधायक जो अब तक इस आदेश का इंतजार कर रहे थे और अपनी गाड़ियों से लाल बत्ती हटाने के लिए तमाम दलीलें दे रहे थे, उन्हें अब अधिसूचना के मद्देनजर अपनी गाड़ियों से लाल बत्ती हटानी पड़ेगी।