बाबा बागेश्वर धाम महाराज के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र शास्त्री को लेकर बिहार की सियासी गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बाद अब जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि किसी के बिहार आने पर हमे आपत्ति नहीं है लेकिन ऐसे बाबा को अपनी संपत्ति बढ़ने के उपाय को भी सार्वजनिक करनी चाहिए।
ऐसे लोग जेल में नहीं हैं, यह अफसोस की बात
वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादवने कहा कि बागेश्वर बाबा अगर हिंदू-मुसलमान को लड़वाने का काम करेंगे तो मैं उनका विरोध करुंगा। पटना एयरपोर्ट पर घेराव किया जाएगा। वहीं उनके बाद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संत कभी राजनीति और समाज के विघटन की बात नहीं करता है। यह तो विघटनकारी हैं और ऐसे लोग कभी संत नहीं हो सकते। ऐसे लोग जेल में नहीं हैं, यह अफसोस की बात है। उन्हें को जेल में रहने की जरूरत है।
राजद और जदयू के लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं
वहीं राजद के विरोध के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पंडित धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में कूद पड़े। गिरिराज सिंह ने महागठबंधन की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद एवं जदयू सिर्फ मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए सारा प्रपंच रच रही है। अगर सनातन धर्म गुरुओं का विरोध हुआ तो इसका जवाब भी जनता ही देगी और हम जैसे लोग भी इसके साथ रहेंगे। वहीं भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि राजद और जदयू के लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। अगर बाबा बागेश्वर धाम महराज का विरोध हुआ तो यह गलत होगा। दरअसल, पंडित धीरेंद्र शास्त्री की पटना से करीब 25 किलोमीटर दूर नौबतपुर में कथा होने जा रही है। वह नौबतपुर के तरेत गांव में 13 से 17 मई तक अपना दरबार लगाने जा रहे हैं। उनकी कथा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ सकती है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं।