योग गुरु बाबा रामदेव और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन(आईएमए) के बीच जारी विवाद के बीच बुधवार को बिहार के एक कोर्ट में उनके खिलाफ याचिका दायर किया गया है। सूबे के मुजफ्फरपुर जिले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने याचिका दायर किया है। याचिका में बाबा रामदेव पर उन्होंने आरोप लगाया है कि 21 मई को बाबा रामदेव ने कई टीवी चैनलों पर एलोपैथी चिकित्सा विज्ञान को 'स्टुपिड' करार देते हुए कोरोना से हुई डॉक्टरों की मौत का मजाक उड़ाया है। टीवी पर बाबा द्वारा की गई ये टिप्पणी देश के डॉक्टरों का अपमान है। उन्होंने बाबा रामदेव पर देशद्रोह का मामला भी दर्ज करने की भी मांग की है।
क्या है मामला
बता दें कि योग गुरु रामदेव ने हाल ही में एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति को लेकर उठाए थे। उनके एक बयान को लेकर विवाद बढ़ गया था। रामदेव ने अपने बयान में कहा था कि एलोपैथी एक स्टूपिड और दिवालिया साइंस है। बाबा के इस बयान पर आईएमए ने नाराजगी जताई थी। आईएमए ने रामदेव के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई थी। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पत्र भेजे जाने के बाद उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया था लेकिन वार-पलटवार का दौर अब भी जारी है। विवाद के बीच रामदेव ने भी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व फार्मा कंपनियों से 25 सवाल पूछे थे।