बिहार में बड़ी तादाद में भाजपा नेता कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। भाजपा मुख्यालय के 24 नेता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जयसवाल ने कहा कि कुल 110 लोगों की कोरोना जांच कराई गई जिसमें 24 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इस सूची में शामिल हैं।
बिहार में पहली बार ऐसा हुआ है कि इतनी बड़ी तादाद में नेता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनाव को लेकर पार्टी के नेता लगातार पटना में भाजपा मुख्यालय में बैठकें कर रहे हैं जिसमें कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।
आशंका जाहिर की जा रही है कि नेताओं के एक स्थान पर इकट्ठा होने की वजह से ही भाजपा मुख्यालय में बड़ी तादाद में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बिहार में कोरोना वायरस महामारी से बीमार होने वाले लोगों की संख्या 17 हजार के पार चली गई है जबकि 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार में सोमवार को कोरोना के 1100 से अधिक नए मामले सामने आए। राजधानी पटना में सोमवार को सर्वाधिक 228 नए मामले मिले।