बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : Twitter
बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह और उनके परिवार के सभी सात सदस्यों ने कोरोना को मात दे दी है और स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए हैं।रविवार को सभी को पटना एम्स से डिस्चार्ज कर दिया गया। अवधेश नारायण चार जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। साथ ही परिवार में पत्नी समेत सात लोग पॉजिटिव मिले थे।
कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद चार जुलाई को अवधेश को पटना के एम्स में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से रविवार को छुट्टी मिलने के बाद सोमवार को बताया कि अब वह अपने घर में ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
एक जुलाई को परिषद के नौ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने नारायण के साथ मंच साझा किया था। समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चार जुलाई की देर रात आई परीक्षण रिपोर्ट निगेटिव रही थी।
समारोह में मंच साझा करने वाले उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी का भी कोविड-19 टेस्ट पांच जुलाई को नेगेटिव आया था। अवधेश नारायण के बाद नवनिर्वाचित शपथ ग्रहण करने वाले परिषद सदस्यों में शामिल जदयू नेता गुलाम गौस भी कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए थे जिनका इलाज अभी चल रहा है।