अररिया शहर के बीचो-बीच बहने वाली एबीसी नहर में गुरुवार 12 बजे गौढ़ी चौक के समीप पानी में एक युवक का तैरता शव देखे जाने पर आस-पास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। उसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा एबीसी नहर में तैरता युवक का शव देखे जाने की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ एबीसी नहर किनारे पहुंची। इस दौरान शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नहर किनारे पहुंचने लगे और शव के पीछे सैकड़ों संख्या में लोग देखते ही देखते शहर के मछली पट्टी के पास पहुंचे। उसके बाद नगर थाना पुलिस के द्वारा शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया। जहां शव मिलने की सूचना पर सदर अस्पताल अररिया पहुंचे मृतक के परिजन के द्वारा युवक की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी पंचायत वार्ड संख्या-7 निवासी स्वर्गीय परमेश्वर यादव के 30 साल के बेटे सुमन कुमार यादव के रूप में की गई। जहां शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दी गई। इधर, घटना की जांच में फारबिसगंज थाना पुलिस जुट गई है।
वहीं, घटना को लेकर जानकारी देते हुए मृत युवक के चाचा अजय कुमार यादव ने आरोप लगाया, रविवार रात उनके भतीजा को उसकी मां रेनू देवी के द्वारा अपनी पतोह को एक कमरे में बंदकर जोर जबरदस्ती कर अपने पुत्र सुमन कुमार यादव को एक चार पहिया वाहन में पांच की संख्या में बुलाए लोगों के साथ कहीं भेज दिया गया। उसके बाद रूपा देवी के द्वारा सोमवार को फारबिसगंज थाने में अपनी सास रेनू देवी सहित पांच लोगों के खिलाफ कुछ अनहोनी होने की घटना को अंजाम देने को लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इसी दौरान परिजनों को मां के द्वारा ही पुत्र की हत्या करवाकर शव को एबीसी नहर में फेंक देने की जानकारी मिली थी, जिसकी खोजबीन परिजनों के द्वारा अपने स्तर से की जा रही थी। इसी दौरान गुरुवार की सुबह अररिया नगर थाना क्षेत्र के एबीसी नहर में शव मिलने की सूचना मिलने पर वह सभी सदर अस्पताल अररिया पहुंचे। इधर, शव मिलने की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची फारबिसगंज थाना पुलिस घटना की जांच में जुट चुकी है।