समाजसेवी अन्ना हजारे आज पटना के गांधी मैदान में 'जनतंत्र' रैली कर रहे हैं। जेपी आंदोलन की भूमि से और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का ऐलान करेंगे। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और प्रशांत भूषण जैसे सहयोगियों के अलग होने के बाद आज की रैली में टीम अन्ना के नए चेहरों के दिखने की उम्मीद है।
अनुमान है कि रैली में पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल वीके सिंह, पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी, पूर्व आईएएस पंचम लाल, संतोष भारतीय, गिलानी कतार सहित देश के कई समाजसेवी शामिल होंगे।
हालांकि आयोजन से पहले ही अन्ना हजारे की रैली कई सवालों के घेरे में आ गई है। अरविंद केजरीवाल से अलग होने के बाद अन्ना हजारे की भ्रष्टाचार के विरूद्घ यह पहली रैली है। इसमें उनके कुछ पुराने साथी भी अलग हो चुके हैं। यहां तक टीम अन्ना का दिल्ली स्थित कार्यालय भी बंद होने के कगार पर है।
साथ ही पिछले कुछ समय से अन्ना टीम में हो रही खींचतान और बदलाव के चलते यह रैली कई आशंकाओं से घिर गई है। मीडिया में ही नहीं इस टीम के अंदर ही इस रैली को लेकर कई तरह के प्रश्नचिन्ह लग गए हैं। मीडिया संस्थानों में छपी खबरों के मुताबिक इस रैली को लेकर लोगों में उत्साह कम होने की बात हो रही है साथ ही इस रैली के आयोजन पर खर्च होने वाले पैसों के स्रोत के स्पष्ट ने होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।