बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलकोत्सव समारोह में लग्जरी तोहफे ने सबका ध्यान खींचा। दानापुर स्थित समारोह स्थल पर परिवार के साथ पहुंचे अनंत सिंह ने होने वाले दामाद ऋषिकेश सिंह को डिफेंडर गाड़ी की चाबी सौंपी। समारोह स्थल पर दामाद ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। शादी की रस्मों के साथ ही अब 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े आयोजन की तैयारी चल रही है।
दामाद को डिफेंडर की चाबी देकर दिया खास तोहफा
अनंत सिंह परिवार के साथ दानापुर स्थित समारोह स्थल पहुंचे, जहां बेटी शिवांगी सिंह के तिलकोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। उनके पहुंचने पर होने वाले दामाद ऋषिकेश सिंह ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य मौजूद रहे और समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
इस मौके पर अनंत सिंह ने दामाद ऋषिकेश को लग्जरी डिफेंडर गाड़ी की चाबी उपहार में दी। तिलकोत्सव में इस महंगी गाड़ी को तोहफे के रूप में दिए जाने की चर्चा हो रही है। समारोह में वैदिक रस्में संपन्न कराने के लिए नौ पंडित भी पहुंचे हैं।
मेहमानों के स्वागत और सुविधाओं पर खास ध्यान
अनंत सिंह ने समारोह में पहुंचे मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग कार्यक्रम में आएं और किसी को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेहमानों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। परिवार की ओर से आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
अमेरिका से एमबीए कर चुके हैं होने वाले दामाद
शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। ऋषिकेश के पिता सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है। बताया गया है कि वह पिछले कई वर्षों से अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं। शादी से पहले बिहटा में ऋषिकेश के परिवार के नवनिर्मित आवास पर गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी संपन्न हो चुका है। अब दोनों परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे हैं।
23 नवंबर से शुरू होंगी शादी की रस्में
तिलकोत्सव के बाद विवाह से जुड़ी रस्मों का सिलसिला शुरू होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को हल्दी की रस्म होगी। इसके बाद 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत का आयोजन किया जाएगा। 25 नवंबर को बाढ़ क्षेत्र स्थित अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी होगी। विवाह समारोह के लिए गांव में दस बीघे से अधिक जमीन पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। आयोजन में करीब पांच लाख लोगों के लिए भोज की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
25 बीघा में जयमाला स्थल, मेहमानों के लिए बन रहे स्टॉल
नदवां में शादी की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। करीब 25 बीघा जमीन पर जयमाला के लिए मंडप और मेहमानों के भोजन के लिए स्टॉल तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा गांव में लगभग आधा दर्जन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं, ताकि हेलीकॉप्टर से आने वाले मेहमानों को सुविधा मिल सके।
गांव से करीब एक किलोमीटर दूर घुड़दौड़ के लिए अलग मैदान भी तैयार किया जा रहा है। इस तरह शादी समारोह को लेकर गांव में व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। अब 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह पर सबकी नजर है।