बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा है कि वह किसी व्यक्ति के नहीं, बल्कि संघवाद के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि संघवाद के खिलाफ सबको एक होना होगा, वरना देश में लोकतंत्र और समाजवाद दोनों हार जाएंगे। नीतीश ने कहा कि आज देश की राजनीति में दो धुरी हैं। लोहिया के गैर कांग्रेसवाद की तरह आज गैर संघवाद करना होगा। लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट होना होगा।
पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में नीतीश ने भाजपा पर खूब निशाना साधा। नीतीश ने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को बढ़ाया, उनको धरोहर की तरह म्यूजियम में रख दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो तिरंगे को स्वीकार नहीं कर रहे थे, वो आज सबको तिरंगा लहराने की सीख दे रहे हैं। देश तो आजादी के पहले से तिरंगा से प्रेम कर रहा है, संघ को अब जाकर तिरंगे से प्रेम हुआ है।