1 जुलाई से दरभंगा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए अकासा एयरलाइंस की सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इसका उद्घाटन सांसद गोपाल जी ठाकुर ने किया और इसे मिथिला के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वालों के लिए 1 जुलाई का दिन ऐतिहासिक रहा। पहली बार अकासा एयरलाइंस ने दरभंगा-मुंबई-दरभंगा रूट पर अपनी सीधी उड़ान सेवा की शुरुआत की। इस नई सेवा का उद्घाटन दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर और विमान कंपनी के अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। उद्घाटन के अवसर पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू का धन्यवाद करते हुए इसे मिथिला के लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
विज्ञापन
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा से मुंबई के लिए पहली उड़ान में बोर्डिंग पास देकर यात्रियों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि, "मिथिला और इस एयरपोर्ट से सफर करने वाले लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। अब यात्रियों को कम कीमत में यात्रा करने का एक और विकल्प मिल गया है।"
नई उड़ान सेवा की प्रमुख बातें:
1 जुलाई 2025 से दरभंगा-मुंबई रूट पर अकासा एयर की नई उड़ान शुरू
फ्लाइट रोजाना चलेगी
विमान में कुल 180 सीटें, सभी इकोनॉमी क्लास
प्रारंभिक किराया लगभग ₹5000
अब तक इस रूट पर केवल स्पाइसजेट और इंडिगो की सेवाएं थीं, अब अकासा भी शामिल
दरभंगा एयरपोर्ट पर कुल सेवाएं:
दिल्ली के लिए 3 जोड़ी उड़ानें
मुंबई के लिए अब 3 जोड़ी उड़ानें (2 इंडिगो/स्पाइसजेट + 1 अकासा)
नई सेवा से यात्रियों को एक और विकल्प मिलेगा और किराये में प्रतिस्पर्धा बढ़ने से उन्हें सस्ती दरों पर सफर का लाभ भी मिलेगा। दरभंगा से मुंबई यात्रा करने वाले यात्रियों और मिथिला क्षेत्र में बसे लोगों ने इस नई सेवा को लेकर खुशी जाहिर की। खासकर मुंबई में रहने वाले मिथिलावासी अब सीधे उड़ान से अपने घर आ-जा सकेंगे, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।