सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव से रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार की रात एक 15 वर्षीय किशोर ने घर में घुसकर 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
कमरे में अकेली सो रही थी बच्ची
बताया जाता है कि पीड़िता का परिवार बेहद साधारण है। उसके पिता आजीविका चलाने के लिए बिहार से बाहर एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घर पर बच्ची अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहती है। घटना की रात बच्ची अपने कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसकी मां और भाई दूसरे कमरे में थे।
चीख सुनकर जागी मां, आरोपी फरार
आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला 15 वर्षीय किशोर चुपके से घर में घुसा और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर बगल के कमरे में सो रही मां की नींद खुल गई। मां के मौके पर पहुंचते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।
मां की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मेडिकल जांच और 164 के बयान की प्रक्रिया
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:
आज दिल्ली वाले आवास पर गृह प्रवेश करेंगे नीतीश कुमार, पटना से विशेष विमान से रवाना हुए
आरोपी किशोर की तलाश में पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। चूंकि आरोपी किशोर है, इसलिए मामले में आगे की कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत की जा रही है।